फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर पूर्व केंद्रीय मंत्री की बेटी से 4 करोड़ की ठगी! प्रोड्यूसर समेत कई अन्य के खिलाफ FIR दर्ज
Aarushi Pokhriyal cheated of Rs 4 crore: बताया जा रहा है कि फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर ठगों ने उनसे यह रकम वसूल की है। इस मामले में मुंबई मिनी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
Aarushi Pokhriyal cheated of Rs 4 crore, image source: instagram
- प्रोड्यूसर मानसी वरुण और प्रमोद कुमार बागला पर यह FIR
- फिल्म प्रोड्यूसर वरुण बागला ने इन आरोपों को गलत बताया
- मुंबई मिनी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ FIR दर्ज
देहरादून: Aarushi Pokhriyal cheated of Rs 4 crore, देहरादून में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की बेटी आरुषि पोखरियाल से 4 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर ठगों ने उनसे यह रकम वसूल की है। इस मामले में मुंबई मिनी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। प्रोड्यूसर मानसी वरुण और प्रमोद कुमार बागला पर यह FIR शहर कोतवाली में तहरीर देकर दर्ज करवाई गई है।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी और अभिनेत्री-फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने मुंबई के दो फिल्म प्रोड्यूसर्स मानसी वरुण बागला और वरुण प्रमोद कुमार बागला पर 4 करोड़ रुपये की ठगी, मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में देहरादून के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्रोड्यूसर वरुण बागला की प्रतिक्रिया
फिल्म प्रोड्यूसर वरुण बागला ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि एफआईआर दर्ज कराने के लिए झूठे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि आरुषि निशंक अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मीडिया को गुमराह कर रही हैं। बागला ने कहा कि उन्हें स्पष्ट रूप से यह बताना चाहिए कि वे कब और किस समय उनके घर गए थे, क्योंकि वे कभी उनके घर नहीं गए और ना ही उन्होंने आरुषि से संपर्क किया।
उन्होंने यह भी कहा कि आरुषि निशंक और उनकी मैनेजर अपूर्वा ने सबसे पहले उन्हें मुंबई में संपर्क किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरुषि के सभी दावे गलत हैं और अगर उन्हें धमकी दी गई थी तो उन्हें इसका प्रमाण देना चाहिए। बागला का कहना है कि वास्तव में आरुषि ही उन्हें धमका रही हैं और उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर पूरी तरह से झूठी है।
क्या है मामला?
आरुषि निशंक के अनुसार, मानसी और वरुण बागला ने खुद को फिल्म प्रोडक्शन लिमिटेड के डायरेक्टर बताते हुए दावा किया कि वे ‘आंखों की गुस्ताखियां’ नामक फिल्म बना रहे हैं, जिसमें शनाया कपूर और विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका निभाने वाले थे। फिल्म के लिए एक अभिनेत्री की जरूरत थी, जिसके लिए आरुषि से संपर्क किया गया।
आरुषि ने आरोप लगाया कि प्रोड्यूसर्स ने उनसे कहा था कि यदि वे इस फिल्म में 5 करोड़ रुपये निवेश करती हैं, तो उन्हें न केवल फिल्म में एक प्रमुख भूमिका मिलेगी, बल्कि कुल मुनाफे का 20% हिस्सा भी दिया जाएगा। साथ ही, यह भी वादा किया गया कि यदि वह संतुष्ट नहीं होतीं, तो उनकी दी गई पूरी रकम 15% ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी।
कैसे हुई ठगी?
आरुषि उनके झांसे में आ गईं और 9 अक्टूबर 2024 को एक एमओयू (MOU) साइन किया। इसके बाद, 10 अक्टूबर 2024 को उनसे 2 करोड़ रुपये लिए गए। बाद में, 19 नवंबर 2024, 27 अक्टूबर 2024 और 30 अक्टूबर 2024 को अलग-अलग तरीकों से कुल 4 करोड़ रुपये वसूल लिए गए।
आरुषि का आरोप है कि इन प्रोड्यूसर्स ने न तो उनका प्रमोशन किया और न ही स्क्रिप्ट फाइनल की। अंततः उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें बताया गया कि फिल्म की भारत में शूटिंग पूरी हो गई है और अब यूरोप में शूटिंग होनी है। इसके अलावा, उन्हें यह भी बताया गया कि उनकी जगह किसी और अभिनेत्री को कास्ट कर लिया गया है।
आरुषि का आरोप है कि सोशल मीडिया पर फिल्म की टीम के साथ एक फोटो पोस्ट की गई, जिसमें से उनकी तस्वीर हटा दी गई और उनका नाम भी नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि असली फोटो में वह भी शामिल थीं।
पुलिस जांच जारी
जब आरुषि ने अपने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने, बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
आरुषि ने दोनों प्रोड्यूसर्स के खिलाफ धोखाधड़ी, मानसिक उत्पीड़न, धमकी देने, आपराधिक षड्यंत्र और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई करने और 4 करोड़ रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और जांच जारी है।
read more: ‘भड़काऊ’ गीत मामला: न्यायालय ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ प्राथमिकी को लेकर गुजरात पुलिस से सवाल किया
read more: कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह गठबंधन की राजनीति करेगी या अकेला चलेगी: तारिक अनवर
No products found.
Last update on 2026-07-08 / Affiliate links / Images from Amazon Product Advertising API

Facebook


