Panihati Bomb Blast News / Image Source : X
कोलकाता : Panihati Bomb Blast News पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में बुधवार देर रात भीषण बम हमला हुआ, जिसमें बीजेपी के 5 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह वारदात सुवेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की हत्या के महज कुछ ही घंटों बाद हुई है, जिससे पूरे इलाके में तनाव चरम पर है। इस हमले में विधायक रत्ना देबनाथ भी घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह धमाका पानीहाटी के सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूट के पास हुआ। यह इलाका नवनिर्वाचित बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ (आरजी कर अस्पताल बलात्कार पीड़िता की माँ) के घर के करीब स्थित है। बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ता वार्ड नंबर 2 के दत्ता रोड पर स्थानीय निवासियों से बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर क्रूड बम फेंके और मौके से फरार हो गए।
इस हमले में घायल हुए पांचों कार्यकर्ताओं को तुरंत कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि हमलावर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के गुंडे थे। हालांकि, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।” प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।