Pune Wall Collapse/Photo Creadit: Ai
पुणे। Pune Wall Collapse: पुणे जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन और दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में बह गए। वहीं, 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। इनमें मावल तहसील के पाटन गांव में हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
Pune Wall Collapse जिला प्रशासन के अनुसार, नंदू टिकोने, मौली टिकोने और अनीता नंदू टिकोने उस समय मलबे में दब गए, जब लगातार बारिश के बीच सोमवार तड़के विसापुर किले का एक हिस्सा ढह गया और उसका मलबा उनके घर पर आ गिरा। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस और स्थानीय बचाव दलों ने पूरे दिन राहत एवं बचाव अभियान चलाया और तीनों के शव बरामद किए। एहतियात के तौर पर आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया।
उन्होंने बताया कि बारिश से जुड़ी एक अन्य घटना में पिंपरी-चिंचवड़ के निगड़ी स्थित भेल चौक पर एक दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। वहीं, खेड़ तहसील में शेलू-कुरकुंडी गांव के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग तेज बहाव में बह गए। उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।
Pune Wall Collapse उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे में पत्रकारों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों से निकालकर 568 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पिंपरी-चिंचवड़ और शिरूर में भी लापता लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
पुणे शहर में अधिकारियों ने सदाशिव पेठ में एक जर्जर इमारत को खाली कराया। इस बीच, खड़कवासला जलाशय के जलग्रहण क्षेत्रों में भी भारी वर्षा हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम चार बजे तक खड़कवासला बांध अपनी कुल भंडारण क्षमता का 34 प्रतिशत भर चुका था और यदि वर्तमान दर से पानी आता रहा तो अगले 24 घंटे में यह करीब 80 प्रतिशत तक भर सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा पुणे जिले के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किए जाने के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन जुन्नार, खेड़, आंबेगांव, राजगढ़, भोर, मावल और मुलशी तहसीलों के सभी स्कूलों में सात जुलाई को अवकाश घोषित कर दिया है।
ये भी पढ़ें