(RRB Group D Recruitment 2026/ Image Credit: ANI News)
नई दिल्ली: RRB Group D Recruitment 2026 सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह समय बेहद अहम है। इंडियन रेलवे ने ग्रुप डी के लिए 22,195 पदों पर भर्ती निकाली है। पहले इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 2 मार्च तय की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 9 मार्च 2026 कर दिया गया है। जो उम्मीदवार अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे तुरंत आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के तहत देशभर के अलग-अलग रेलवे जोन में कुल 22,195 पद भरे जाएंगे। पश्चिमी रेलवे, मुंबई में 3,148 पद, उत्तरी रेलवे, नई दिल्ली में 3,537 पद, मध्य रेलवे, मुंबई में 1,979 पद, दक्षिणी रेलवे, चेन्नई में 1,036 पद, उत्तर पूर्वी रेलवे, गोरखपुर में 1,246 पद और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, गुवाहाटी में 1,776 पद शामिल हैं। इसके अलावा अन्य जोनों में भी बड़ी संख्या में पदों पर भर्ती की जाएगी। यानी युवाओं के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर है।
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। 10वीं पास युवा इस अवसर का पूरा फायदा उठा सकते हैं। शिक्षा की न्यूनतम शर्त पूरी करने वाले उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 33 साल तय की गई है। उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग (SC/ST/OBC) के उम्मीदवारों को नियम के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये है। वहीं, एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये फीस निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि पहले चरण की परीक्षा में शामिल होने के बाद सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये वापस कर दिए जाएंगे, जबकि एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों की पूरी फीस वापस की जाएगी।
आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं। वहां अपने आधार कार्ड या रेलवे अकाउंट की जानकारी दर्ज करके लॉगिन करें। इसके बाद मांगी गई जानकारी सावधानीपूर्वक भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और अपनी श्रेणी के अनुसार फीस जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट निकालकर सुरक्षित रख लें, ताकि भविष्य में जरूरत पड़े तो इस्तेमाल किया जा सके।