2027 का सेना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा भोपाल: मोहन यादव
2027 का सेना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा भोपाल: मोहन यादव
भोपाल, 23 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि 2027 का सेना दिवस समारोह 15 जनवरी को भोपाल में आयोजित किया जाएगा।
सेना दिवस हर वर्ष 15 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में के एम करियप्पा ने जनरल सर एफ आर आर बुचर से भारतीय सेना के पहले भारतीय ‘कमांडर-इन-चीफ’ के रूप में कार्यभार संभाला था।
मुख्यमंत्री ने यहां अपने सरकारी निवास पर थलसेना प्रमुख उपेन्द्र द्विवेदी की उपस्थिति में एक बैठक में कहा कि यह भव्य आयोजन राज्य के नागरिकों को देश की समृद्ध सैन्य विरासत से परिचित कराएगा और युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने हर अवसर पर अदम्य साहस, पराक्रम और शक्ति का परिचय दिया है। राज्य के नागरिकों को सेना की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने और युवाओं को प्रेरित करने के लिए 15 जनवरी 2027 को भोपाल में विशेष परेड आयोजित की जाएगी।”
यादव ने कहा कि यहां सेना दिवस समारोह में भाग लेने का अनुभव 26 जनवरी को नयी दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह जैसा होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस आयोजन के लिए सेना को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर ‘शौर्य संध्या’, सेना के हथियारों, संसाधनों और उपकरणों की प्रदर्शनी तथा सैन्य अभ्यासों का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार सभी कार्यक्रम गणतंत्र दिवस समारोह की भव्यता और गरिमा के अनुरूप होंगे।
उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य आम जनता को सैन्य परेड से जोड़ना तथा सेना एवं नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को होने वाले मुख्य कार्यक्रम से पहले कुछ गतिविधियां एक नवंबर, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस से शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि इस दिन ‘मेरी माटी’ अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिट्टी लाई जाएगी और भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में ‘संकल्प वृक्ष’ लगाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आयोजनों के विकेंद्रीकरण की पहल 2023 में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा को सशक्त बनाने और सेना के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी जिसके तहत 2023 में बेंगलुरु, 2024 में लखनऊ, 2025 में पुणे और 2026 में जयपुर में सेना दिवस आयोजित किया गया।
बैठक में लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन, लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान, लेफ्टिनेंट जनरल रंजीत सिंह, मेजर जनरल विकास लाल, ब्रिगेडियर नितिन भाटिया, कर्नल सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव (सीएमओ) नीरज मंडलोई और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना भी बैठक में उपस्थित थे।
भाषा दिमो राजकुमार
राजकुमार

Facebook


