यूसीसी के बहाने आरएसएस का एजेंडा लागू कर रही है भाजपा, जनहित के मुद्दों से भाग रही है: कांग्रेस

यूसीसी के बहाने आरएसएस का एजेंडा लागू कर रही है भाजपा, जनहित के मुद्दों से भाग रही है: कांग्रेस

यूसीसी के बहाने आरएसएस का एजेंडा लागू कर रही है भाजपा, जनहित के मुद्दों से भाग रही है: कांग्रेस
Modified Date: July 21, 2026 / 06:47 pm IST
Published Date: July 21, 2026 6:47 pm IST

भोपाल, 21 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत मध्यप्रदेश सरकार पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के बहाने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एजेंडे का लागू करने तथा भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी जैसे जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करने का मंगलवार को आरोप लगाया।

मध्यप्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधानसभा परिसर में धरना दिया और प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार को ‘मुर्दों की सरकार’ करार दिया।

सिंघार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘भाजपा सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं के प्रति मुर्दों की तरह सोई हुई है। किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश में घोटालों की परतें खुल रही हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों पर मौन है।’’

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार केवल हिंदू-मुस्लिम विवाद, यूसीसी और तथाकथित ‘‘लव जिहाद’’ जैसे मुद्दों को उछाल कर जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है क्योंकि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और महंगाई जैसे जनहित के विषय सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं।

सिंघार ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा वास्तव में जनता के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है, तो वह किसानों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करने से क्यों बच रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यूसीसी जैसे विषयों को जल्दबाजी में आगे बढ़ाकर भाजपा सरकार प्रदेश के असली मुद्दों से ध्यान हटाने और आरएसएस का एजेंडा लागू करने की कोशिश कर रही है।

मध्यप्रदेश विधानसभा ने मंगलवार को कांग्रेस के भारी हंगामे के बीच ‘मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता 2026’ विधेयक को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज विधानसभा में स्वर्णिम इतिहास लिखा जा रहा है क्योंकि इस विधेयक के कानून बन जाने के बाद तीन तलाक या हलाला से जुड़े मामले अपराध की श्रेणी में आएंगे, एक से अधिक शादी पर रोक लगेगी, शादी और तलाक दोनों का पंजीयन अनिवार्य होगा तथा विवाहित या अविवाहित माता-पिता के जैविक या उनके द्वारा गोद लिए जाने समेत सभी प्रकार के बच्चों को उत्तराधिकार में समान कानूनी दर्जा मिलेगा।

उन्होंने कांग्रेस पर इस विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सिर्फ मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए वह ऐसा कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और प्रशासनिक भ्रष्टाचार से त्रस्त है, लेकिन भाजपा सरकार इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी जैसे विषयों को राजनीतिक ‘प्रोपेगेंडा’ बनाकर पेश कर रही है।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में कोई भी मंत्री ईमानदारी से काम करने का दावा नहीं कर सकता और यहां शराब माफिया, रेत माफिया, शिक्षा माफिया और खनिज माफिया का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात ऐसे हैं कि माफियाओं का प्रभाव सत्ता के सर्वोच्च स्तर तक दिखाई देता है और पूरी व्यवस्था उनके हित में काम करती नजर आती है।

उन्होंने घोषणा की कि किसानों के अधिकारों और वादाखिलाफी के विरोध में 24 जुलाई को हरदा, होशंगाबाद और नरसिंहपुर में कांग्रेस व्यापक किसान आंदोलन करेगी और किसानों की आवाज को सड़क से सदन तक बुलंद करेगी।

भाषा ब्रजेन्द्र राजकुमार अमित

अमित


लेखक के बारे में