भाजपा अध्यक्ष नवीन ने मप्र सरकार की योजना की शुरुआत की, विपक्ष को आड़े हाथों लिया

Ads

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने मप्र सरकार की योजना की शुरुआत की, विपक्ष को आड़े हाथों लिया

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 05:25 PM IST

इंदौर, 17 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मध्यप्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की लगभग 50 लाख निजी संपत्तियों के निःशुल्क पंजीयन के लिए राज्य सरकार की शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना की बृहस्पतिवार को औपचारिक शुरुआत की।

नवीन ने ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026’ की शुरुआत के लिए इंदौर में आयोजित समारोह में कहा कि इस योजना के कारण ग्रामीण लोग अपनी मिल्कियत का पंजीयन कराते हुए स्वाभिमान से जिंदगी जी सकेंगे। इस समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि देश में अपनी तरह की पहली योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की लगभग 50 लाख निजी संपत्तियों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा।

यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित जन प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने पर शुरू की गई है।

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने देश के विकास में मोदी के योगदान का उल्लेख करते हुए समारोह में कहा,‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की विरासत को आगे बढ़ाते हुए 140 करोड़ लोगों को विकास से जोड़ा।’’

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व के कारण पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है।

नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल राजनीति कर रहा है और विपक्षी दल हाल ही में नयी दिल्ली में संपन्न 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत की धाक के बजाय व्यंजनों की सूची देख रहे थे।

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने यह भी कहा,‘‘जो लोग देश को तोड़ने वाले व्यक्तियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हैं, वे आज देश को जोड़ने की बात कर रहे हैं।’’

भाषा हर्ष संतोष

संतोष