मप्र के मुरैना में सड़क हादसे में दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत

Ads

मप्र के मुरैना में सड़क हादसे में दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 07:15 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 07:15 PM IST

मुरैना (मध्यप्रदेश), 17 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा नूराबाद थाना क्षेत्र में जेके टायर फैक्टरी के पास बृहस्पतिवार शाम हुआ, जब एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार लोग ग्वालियर की ओर से आ रहे थे तभी सड़क किनारे खड़े कचरा ढोने वाले एक वाहन से उनकी टक्कर हो गई।

पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद चारों सड़क पर गिर गए और उसी समय पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुरी ने बताया कि मृतकों की पहचान लोहगढ़ गांव के रहने वाले सूरज कुशवाह (18) और नीरजा कुशवाह (20) के रूप में हुई है जबकि नाबालिगों की पहचान श्रीचंद्र कुशवाह के पुत्र श्रीकांत कुशवाह (10) और बलबीर कुशवाह की पुत्री राजकुमारी (8) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि सूरज और नीरजा रिश्ते में देवर-भाभी लगते थे तथा दोनों बच्चे उनके साथ यात्रा कर रहे थे।

भाषा सं ब्रजेन्द्र गोला

गोला