बालाघाट में प्रबंधक के ठिकानों पर छापेमारी, आय से करीब 500 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली

Ads

बालाघाट में प्रबंधक के ठिकानों पर छापेमारी, आय से करीब 500 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 06:18 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 06:18 PM IST

बालाघाट (मध्यप्रदेश), 17 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक प्रबंधक के ठिकानों पर छापेमारी करके उसके पास आय से करीब 500 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिलने का दावा किया।

ईओडब्ल्यू की जबलपुर की टीम ने बालाघाट के लांजी क्षेत्र के नीमटोला निवासी विलास चौरे के घर बृहस्पतिवार तड़के छापा मारा। विलास चौरे मनेरी सेवा सहकारी समिति में प्रभारी प्रबंधक के पद पर काम कर रहा है।

ईओडब्ल्यू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मंजीत सिंह ने बताया कि विलास चौरे वर्ष 2014 में सेवा सहकारी समिति में दैनिक वेतन भोगी के रूप में पदस्थ हुआ था और वर्तमान में वह प्रभारी प्रबंधक के रूप में कार्यरत था।

उन्होंने कहा, ‘‘करीब 12 साल की नौकरी में उसकी आय लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है, लेकिन जांच में सामने आई संपत्तियां उसकी ज्ञात आय की तुलना में करीब 400 से 500 प्रतिशत अधिक हैं।’’

सिंह के मुताबिक चौरे के पास पांच बस, दो ट्रैक्टर, चार चारपहिया वाहन, तीन दोपहिया वाहन, एक मकान, बिसोनी में कृषि भूमि, कई बैंक खाते, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और निजी बैंक की कई बीमा पॉलिसि होने का पता चला है।

सिंह ने बताया कि ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि बैंक खातों में जमा राशि और अन्य वित्तीय जानकारी जुटाने के लिए संबंधित बैंकों को पत्र भेजे गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

चौरे ने दावा किया कि ईओडब्ल्यू में उनके खिलाफ शिकायत जलन की भावना से की गई है और यह उनकी छवि धूमिल करने की सोची-समझी साजिश है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अगर जांच में वे गलत पाए जाते हैं तो कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

भाषा सं ब्रजेन्द्र

संतोष

संतोष