मध्यप्रदेश में शीतलहर जारी, कई जिलों में छाया रहा कोहरा

Ads

मध्यप्रदेश में शीतलहर जारी, कई जिलों में छाया रहा कोहरा

  •  
  • Publish Date - January 5, 2023 / 07:32 PM IST,
    Updated On - January 5, 2023 / 07:32 PM IST

भोपाल, पांच जनवरी (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश के छह संभागों और 14 जिलों में मध्यम से घने कोहरे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।

आईएमडी ने यह भी कहा कि राज्य के दो जिलों में पिछले 24 घंटे में दिन में शीतलहर चली, जबकि चार जिलों में ‘अत्यधिक सर्दी’ और राजधानी भोपाल एवं इंदौर सहित 12 जिलों में ‘सर्द दिन’ रहा।

आईएमडी भोपाल के ड्यूटी अधिकारी एच एस पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘दतिया और छतरपुर जिलों में ‘शीतलहर’ का प्रभाव रहा। वहीं धार, खंडवा, छिंदवाड़ा एवं दतिया जिलों में ‘अत्यधिक सर्दी’ और भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, गुना, सागर, छतरपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, उमरिया, रीवा, उज्जैन एवं रतलाम जिलों में ‘सर्द दिन’ रहा।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में रविवार से पड़ रही ठंड के तीन दिनों के बाद कम होने की संभावना है क्योंकि कुछ हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा और बालाघाट जिले के वारासिवनी और मलाजखंड में बृहस्पितवार को हल्की बारिश हुई।

अधिकारी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड एवं जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि भोपाल, चंबल, रीवा, नर्मदापुरम और सागर संभागों में अगले 24 घंटे (बृहस्पतिवार सुबह से शुक्रवार सुबह तक) मध्यम से घना कोहरा छाये रहने के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पांडे ने कहा कि इनके अलावा, इंदौर, जबलपुर, अनूपपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, नीमच, खंडवा, झाबुआ, धार, रतलाम और बुरहानपुर जिलों में भी इस दौरान मध्यम से घना कोहरा छाये रहने के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर, छतरपुर और दतिया जिलों में कहीं-कहीं पर शीतलहर चलने की संभावना है।

पांडे ने बताया कि मध्यप्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान छतरपुर जिले के नौगांव में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस नौगांव में दर्ज किया गया।

भाषा रावत अमित

अमित