शहबाज शरीफ ने अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति की सराहना की

Ads

शहबाज शरीफ ने अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति की सराहना की

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 05:46 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 05:46 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 22 जून (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्विट्जरलैंड में हुई अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में शामिल सभी पक्षों का सोमवार को शुक्रिया अदा किया और कहा कि बातचीत में ‘‘उत्साहजनक प्रगति’’ हुई।

शरीफ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के तहत उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक बर्गेनस्टॉक में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में हुई और इसमें उत्साहजनक प्रगति हुई। इसमें 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते के लिए एक रुपरेखा पर सहमति बनने, राजनीतिक निगरानी के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन और आगे की तकनीकी बातचीत की शुरुआत शामिल है।’’

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रचनात्मक बातचीत के प्रति लगातार प्रतिबद्धता जताने के लिए अमेरिका और ईरान, दोनों के नेतृत्व की सराहना की और इस ‘‘ऐतिहासिक प्रक्रिया’’ को आगे बढ़ाने में समर्थन के लिए ‘‘सभी मित्र और सहयोगी देशों’’ का शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक वातावरण बनाने में कतर से मिली अहम मदद के लिए उसका आभार जताया और वार्ता में मदद करने के लिए स्विस सरकार का शुक्रिया अदा किया।

अमेरिकी दल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने किया, जबकि ईरानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई उसकी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेरी गालिबाफ ने की।

शहबाज शरीफ और कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी ने भी वार्ता में हिस्सा लिया और बातचीत को आगे बढ़ाने में मदद की।

स्विट्जरलैंड में रविवार और सोमवार को हुए लेक ल्यूसर्न शिखर सम्मेलन में उच्च-स्तरीय बातचीत इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के तहत हुई, जिस पर बृहस्पतिवार को अमेरिका और ईरान ने क्षेत्रीय सुरक्षा और अन्य विवादित मुद्दों पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर किए थे।

समझौता ज्ञापन पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने हस्ताक्षर किए, जबकि शहबाज शरीफ ने ‘गारंटर’ के तौर पर हस्ताक्षर किए।

शरीफ ने ‘‘बातचीत को सफल बनाने’’ के लिए फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के प्रयासों को लेकर उनकी विशेष रूप से सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका समर्पण, प्रतिबद्धता और दृढ़ता वाकई तारीफ के काबिल है, जिसके बिना कोई प्रगति नहीं हो पाती।’’

शरीफ ने बातचीत को सफल बनाने में योगदान देने के लिए विदेश मंत्री इसहाक डार और गृह मंत्री मोहसिन नकवी की भी सराहना की तथा आभार जताया।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप