राहुल सहित अन्य नेताओं को हिरासत में लेने के खिलाफ कांग्रेस का मध्यप्रदेश में प्रदर्शन
राहुल सहित अन्य नेताओं को हिरासत में लेने के खिलाफ कांग्रेस का मध्यप्रदेश में प्रदर्शन
(तस्वीरों के साथ)
भोपाल 21 जुलाई (भाषा) छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना देने के सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा सहित कई अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया।
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजभवन के बाहर धरना दिया।
सिंघार ने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई बर्बरता के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित तौर पर की गई अभद्रता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की ‘तानाशाही का शर्मनाक चेहरा’ है।
उन्होंने कहा, ‘दिल्ली से लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा तक हम छात्रों के सम्मान और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। सत्य की आवाज को न घसीटा जा सकता है, न गिरफ्तार किया जा सकता है। लोकतंत्र की इस लड़ाई में हम पीछे नहीं हटेंगे।’
पटवारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में धरने का वीडियो साझा करते हुए कहा कि राहुल गांधी पूरे देश के छात्रों की आवाज बुलंद कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें गिरफ़्तार कर यह संदेश दे दिया कि वे छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि उनकी आवाज को दबाना चाहते हैं।
पटवारी के धरना आरंभ करने के थोड़ी देर बाद पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस में बिठा दिया।
राजधानी भोपाल के अलावा कांग्रेस नेताओं ने सतना, सीधी, बुरहानपुर और शिवपुरी सहित राज्य के अन्य शहरों में मुख्य मार्गों या जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने का विरोध किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना देने के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य नेताओं को हिरासत में लिया और उन्हें बस में बैठाकर ले जाया गया और कुछ देर बाद छोड़ दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए ‘7 लोक कल्याण मार्ग’ के निकट धरना दिया और ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’, ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी’ तथा ‘छात्रों को न्याय दो’ जैसे नारे लगाए।
भाषा ब्रजेन्द्र धीरज
धीरज

Facebook


