इंदौर के आरटीओ कार्यालय में साइनाइड गैस बम की धमकी फर्जी पाई गई

इंदौर के आरटीओ कार्यालय में साइनाइड गैस बम की धमकी फर्जी पाई गई

इंदौर के आरटीओ कार्यालय में साइनाइड गैस बम की धमकी फर्जी पाई गई
Modified Date: March 23, 2026 / 04:12 pm IST
Published Date: March 23, 2026 4:12 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 मार्च (भाषा) इंदौर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के परिसर में साइनाइड गैस के 15 बम रखे जाने की धमकी मिली है जो तलाशी के बाद फर्जी पाई गई है। परिवहन विभाग की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अर्चना मिश्रा ने बताया,‘‘आरटीओ कार्यालय के आधिकारिक पते पर रविवार को एक ई-मेल भेजा गया जिसमें कहा गया था कि इस कार्यालय के परिसर में साइनाइड गैस के 15 बम रखे गए हैं एवं उनमें सोमवार को विस्फोट होगा। सोमवार को कार्यालय खुलने पर यह ई-मेल देखा गया और हमने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस बल और बम निष्क्रिय दस्ते ने आरटीओ परिसर को खाली कराते हुए अच्छी तरह छानबीन की, लेकिन इसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि साइबर दस्ता जांच कर रहा है कि बम विस्फोट की धमकी वाला फर्जी ई-मेल कहां से भेजा गया था और जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

अधिकारी ने बताया कि गुजरे महीनों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अदालतों, हवाई अड्डों, बैंक शाखाओं, अस्पतालों और विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी के झूठे ई-मेल आ चुके हैं और इस बारे में संबद्ध प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

भाषा हर्ष राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में