भोपाल। Patwari Strike in Madhya Pradesh मध्य प्रदेश के पटवारी मंगलवार से अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। हड़ताल के चलते राजस्व विभाग की 12 से अधिक ऑनलाइन सेवाओं के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका है। पटवारी संघ लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया गया है।
Patwari Strike in Madhya Pradesh हड़ताल शुरू होने के बाद आम नागरिकों को नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, खसरा-खतौनी की नकल, गिरदावरी, अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई तथा कब्जा दिलाने जैसी राजस्व सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा कानून-व्यवस्था से जुड़े राजस्व दायित्व, फील्ड निरीक्षण और कार्यालयीन कार्य भी पूरी तरह प्रभावित रहेंगे।
पटवारियों का कहना है कि उनकी विभिन्न लंबित मांगों पर सरकार से कई बार चर्चा की गई, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया। इसी के विरोध में मंगलवार से प्रदेशभर के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल का सीधा असर आम जनता पर पड़ने की संभावना है, क्योंकि भूमि अभिलेखों और राजस्व संबंधी अधिकांश सेवाएं पटवारियों के माध्यम से संचालित होती हैं। ऐसे में नामांतरण, सीमांकन और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ सकता है।