छात्रों की गूंज : कांग्रेस ने ‘घंटा’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए विजयवर्गीय पर निशाना साधा
छात्रों की गूंज : कांग्रेस ने ‘घंटा’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए विजयवर्गीय पर निशाना साधा
इंदौर, पांच सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कटाक्ष के जवाब में शनिवार को विजयवर्गीय की विवादास्पद ‘घंटा’ टिप्पणी को ही हथियार बनाकर उन पर पलटवार किया।
विपक्षी दल ने कहा कि विजयवर्गीय को कुछ भी बोलने से पहले थोड़ा सोचना चाहिए।
विजयवर्गीय ने इंदौर में 31 दिसंबर 2025 की रात एक टीवी पत्रकार द्वारा शहर की दूषित पेयजल त्रासदी के बारे में सवाल पूछे जाने पर कैमरे के सामने ‘घंटा’ शब्द का इस्तेमाल करके विवाद खड़ा कर दिया था। उनके विधानसभा क्षेत्र ‘इंदौर-1’ के भागीरथपुरा में इस त्रासदी में कई लोगों की मौत हो गई थी।
विवाद बढ़ने पर कैबिनेट मंत्री ने इस शब्द के लिए खेद प्रकट किया था।
आम बोलचाल में ‘घंटा’ शब्द का इस्तेमाल किसी बात को खारिज करने या उसे बकवास बताने के अर्थ में भी किया जाता है।
इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर विजयवर्गीय ने संवाददाताओं से कहा,‘‘अच्छा है। वह (राहुल गांधी) जब-जब आते हैं, हमारा फायदा होता है।’’
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता के इस बयान पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा, ‘‘अगर विजयवर्गीय कह रहे हैं कि राहुल गांधी के इंदौर आने से भाजपा को फायदा होगा, तो मैं कहूंगी-घंटा। भाजपा को घंटा फायदा होगा।’’
उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए और कुछ भी बोलने से पहले थोड़ा सोचना चाहिए।
कांग्रेस ने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पहले 12 सितंबर की तारीख तय की थी। बाद में विपक्षी दल ने यह कहते हुए कार्यक्रम 19 सितंबर को आयोजित करने का फैसला किया कि राज्य सरकार ने शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजन की अनुमति नहीं दी। अब यह कार्यक्रम अन्य आयोजन स्थल पर होगा।
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके तहत देश के अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विपक्षी दल इस अभियान के जरिये प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरने का प्रयास कर रहा है।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब

Facebook


