मप्र के आगर मालवा में नाले में गिरी कार, आठ लोगों की मौत

मप्र के आगर मालवा में नाले में गिरी कार, आठ लोगों की मौत

मप्र के आगर मालवा में नाले में गिरी कार, आठ लोगों की मौत
Modified Date: September 20, 2026 / 12:18 am IST
Published Date: September 20, 2026 12:18 am IST

आगर मालवा (मप्र), 19 सितंबर (भाषा) मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार तड़के एक कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई, जिससे उसमें सवार तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि हादसा रात करीब डेढ़ बजे जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास हुआ।

उनके अनुसार कार में सवार लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं और बगलामुखी माता मंदिर के दर्शन के लिए उज्जैन से टैक्सी किराये पर लेकर आए थे। लौटते समय भारी बारिश के कारण उफन रहे नाले में कार गिर गई।

घटना की सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर शेर सिंह मीणा, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयत मौके पर पहुंचे।

अधिकारी ने बताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से कार को रस्सियों के जरिए किनारे से बांधा गया और क्रेन की सहायता से उसे बाहर निकाला गया। कार में सवार सभी आठ लोगों के शव बरामद कर लिए गए और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजे गए।

मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान राधा रानी बेहरा, शिव प्रसाद बनमाली बेहरा, कृष्ण राजवीर (शिव प्रसाद के पुत्र), सेना उर्फ सोन पूर्वा, ज्ञानेंद्र कुमार बेहरा, शिव प्रसाद बेहरा और रीता रानी (ज्ञानेंद्र बेहरा की पत्नी) तथा कार चालक अरुण (बद्री लाल गोयल के पुत्र) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों की उम्र की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री एक ही परिवार के सदस्य थे।

पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के कारण नाला उफान पर था। स्थानीय लोगों ने नाले पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाने की मांग की है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने और हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

भाषा सं दिमो शोभना

शोभना


लेखक के बारे में