पूर्व सैनिकों ने भोपाल में बाइक रैली निकाली; ट्विशा शर्मा के लिए न्याय मांगा

Ads

पूर्व सैनिकों ने भोपाल में बाइक रैली निकाली; ट्विशा शर्मा के लिए न्याय मांगा

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 12:59 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 12:59 PM IST

भोपाल, 20 मई (भाषा) पूर्व सैनिकों ने बुधवार को भोपाल में मोटरसाइकिल रैली निकालकर नोएडा की महिला ट्विशा शर्मा को न्याय दिलाने तथा मामले में दूसरा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

उन्होंने मामले की जांच मध्यप्रदेश से बाहर स्थानांतरित करने की भी मांग की।

रैली में शामिल लोगों ने कहा कि वे ट्विशा शर्मा मामले से संबंधित मांगों का ज्ञापन राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को सौंपने का प्रयास करेंगे।

उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा के भाई भारतीय सेना में मेजर हैं।

रैली शुरू होने से पहले ‘वर्दी फाउंडेशन’ के संस्थापक मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त) ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम कह रहे हैं कि अभी भी समय है और पूरी तरह निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि यदि यहां निष्पक्ष जांच संभव नहीं है तो जांच कहीं और कराई जानी चाहिए तथा दूसरा पोस्टमार्टम भी कराया जाना चाहिए।

श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘यदि यहां इसी तरह चीजें चलती रहीं तो मामले को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर उचित जांच कराई जानी चाहिए ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।’’

ट्विशा शर्मा (33) 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। पुलिस ने उनके पति अधिवक्ता समर्थ सिंह और सास सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज मृत्यु और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने फरार समर्थ सिंह के बारे में सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

स्थानीय अदालत ने मंगलवार को ट्विशा के परिवार की ओर से दायर उस याचिका पर मामले की पुलिस डायरी तलब की, जिसमें दूसरा पोस्टमार्टम कराने की मांग की गई है। परिवार का दावा है कि ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान थे, जिनका उल्लेख पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं किया गया।

आवेदन में ट्विशा के परिवार ने जांच में खामियों का आरोप लगाते हुए कहा कि महिला के मृत मिलने के तीन दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

दहेज प्रताड़ना, मारपीट और सबूत नष्ट किए जाने के आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

भोपाल की एक अदालत समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुकी है, जबकि उसकी मां को अग्रिम जमानत मिल चुकी है।

ट्विशा के परिवार ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए दूसरा पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली में कराने और जांच मध्यप्रदेश से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है।

ट्विशा का शव भोपाल एम्स के शवगृह में रखा हुआ है क्योंकि उसके परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर शव लेने से इंकार कर दिया है।

परिजनों का दावा है कि ट्विशा भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थीं और घटना वाले दिन वह रात करीब 10 बजे तक उनके संपर्क में थीं।

भाषा दिमो मनीषा

मनीषा