फिलिपीन के मोबाइल नंबर से रतलाम के जिलाधिकारी का फर्जी व्हॉट्सएप खाता बनाया
फिलिपीन के मोबाइल नंबर से रतलाम के जिलाधिकारी का फर्जी व्हॉट्सएप खाता बनाया
रतलाम, आठ सितंबर (भाषा) साइबर ठगों ने रतलाम के जिलाधिकारी अजय कटेसरिया की पहचान का दुरुपयोग करते हुए फिलिपीन के मोबाइल नंबर से व्हॉट्सएप पर उनके नाम और प्रोफाइल फोटो वाला फर्जी खाता बना लिया तथा लोगों को संदेश भेजना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ठगी की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने नागरिकों और सरकारी अमले को आगाह किया है।
उन्होंने बताया कि फिलिपीन के अंतरराष्ट्रीय कॉलिंग कोड (कंट्री कोड) ‘+63’ से शुरू होने वाले मोबाइल नंबर से जिलाधिकारी के नाम से व्हॉट्सएप पर बिजनेस खाता बनाया गया और कुछ लोगों को संदेश भेजे गए।
कटेसरिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्हें अब तक इस फर्जी व्हॉट्सएप खाते से किसी व्यक्ति के साथ ठगी की सूचना नहीं मिली है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों, अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि अगर इस खाते से उन्हें कोई संदेश प्राप्त होता है, तो वे उस पर विश्वास नहीं करें और धन की मांग किए जाने पर किसी तरह का भुगतान भी न करें।
भाषा
सं. हर्ष पारुल
पारुल

Facebook


