इंदौर में प्लास्टिक ग्रेन्यूल फैक्टरी में भीषण आग, कोई हताहत नहीं

इंदौर में प्लास्टिक ग्रेन्यूल फैक्टरी में भीषण आग, कोई हताहत नहीं

इंदौर में प्लास्टिक ग्रेन्यूल फैक्टरी में भीषण आग, कोई हताहत नहीं
Modified Date: May 16, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: May 16, 2026 10:28 pm IST

इंदौर, 16 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में धार रोड स्थित प्लास्टिक ग्रेन्यूल बनाने वाली एक फैक्टरी में शनिवार सुबह आग लग गई। घटना के समय फैक्टरी में कोई मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, आग सुबह करीब साढ़े सात बजे लगी। दमकल के छह वाहनों की मदद से करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12 बजे आग पर काबू पाया गया।

उन्होंने बताया कि आग से उठ रहा काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।

चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया, “प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धार रोड स्थित प्लास्टिक ग्रेन्यूल निर्माण इकाई ‘ड्यू ड्रॉप इरिगेशन’ के वितरण पैनल (डीपी) में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। फैक्टरी में बड़ी मात्रा में रखे अत्यधिक ज्वलनशील प्लास्टिक ग्रेन्यूल के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी इकाई इसकी चपेट में आ गई।”

उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

फैक्टरी मालिक मोहम्मद जावेद कुरैशी ने पुलिस को बताया कि दिन और रात की पाली में काम करने वाले 30 से 35 मजदूरों में से कोई भी आग लगने के समय फैक्टरी में मौजूद नहीं था।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत


लेखक के बारे में