भिंड में तेज रफ्तार बस और वैन की टक्कर में चार लोगों की मौत, सात अन्य घायल

Ads

भिंड में तेज रफ्तार बस और वैन की टक्कर में चार लोगों की मौत, सात अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 10:07 AM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 10:07 AM IST

भिंड, 21 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार देर रात को राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार बस के वैन से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा देर रात करीब ढाई बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिमका गांव के पास हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर है।

गोहद चौराहा के थाना प्रभारी (एसएचओ) मनीष धाकड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खाली बस ने वैन को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल सात लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

धाकड़ ने बताया कि वैन में सवार लोग ग्वालियर से भिंड जा रहे थे, जबकि बस भिंड में बारातियों को पहुंचाने के बाद ग्वालियर लौट रही थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन बहाल कराया।

भाषा सं दिमो शोभना सुरभि

सुरभि