हनीमून हत्याकांड : राजा रघुवंशी के भाई का सोनम और उसके मायके वाले झूठ बोलते रहने का आरोप

Ads

हनीमून हत्याकांड : राजा रघुवंशी के भाई का सोनम और उसके मायके वाले झूठ बोलते रहने का आरोप

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 09:08 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 09:08 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 जुलाई (भाषा) मेघालय में 2025 में हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने मंगलवार को दावा किया कि मुख्य आरोपी उनके छोटे भाई की विधवा सोनम रघुवंशी के साथ ही उसके मायके वाले इस मामले में शुरू से झूठ बोलते आए हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वह अपने दिवंगत भाई को इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

विपिन रघुवंशी का यह बयान उच्चतम न्यायालय द्वारा सोनम के आचरण पर सवाल उठाए जाने और उसे आत्मसमर्पण करके मुकदमे का सामना करने का सुझाव दिए जाने के बाद आया है।

सोनम इस वक्त जमानत पर बाहर है। शीर्ष अदालत उसकी जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार की याचिका पर सुनवाई कर रही है।

सोनम के जेठ विपिन ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘मेरे छोटे भाई की हत्या के मामले में सोनम, उसका भाई गोविंद और अन्य परिजन हमेशा से झूठ बोलते आए हैं।’’

उन्होंने कहा कि उनके परिवार को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।

विपिन, हनीमून के दौरान अपने भाई की रहस्यमय गुमशुदगी और बाद में उसकी लाश मिलने के बाद कई बार मेघालय जा चुके हैं।

उन्होंने कहा,‘‘अगर मेरे भाई की हत्या के मामले में मेघालय पुलिस या वहां की किसी अदालत द्वारा मुझे आइंदा भी बुलाया जाता है, तो मैं वहां जरूर जाउंगा। मुझे अपने दिवंगत भाई को इंसाफ दिलाना है। इसलिए मुझसे जो भी बन पड़ेगा, मैं करूंगा।’’

अधिकारियों ने बताया कि अपने पति राजा की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से नौ जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत पर रिहा होने से पहले 10 महीने से अधिक समय तक शिलांग के जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद रही थी।

राजा का परिवार इंदौर में ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। राजा और सोनम पिछले साल हनीमून के दौरान मेघालय में लापता हो गए थे। बाद में ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) क्षेत्र में एक झरने के पास गहरी खाई में राजा का शव मिला था।

मेघालय पुलिस ने आरोप लगाया है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह और भाड़े के तीन हत्यारों के साथ मिलकर पति राजा की हत्या कराई ताकि उसे रास्ते से हटाया जा सके।

भाषा हर्ष राजकुमार

राजकुमार