आवारा कुत्ते के हमले में चार साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल

Ads

आवारा कुत्ते के हमले में चार साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:24 PM IST

सतना, आठ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में वन विभाग के कार्यालय परिसर में मंगलवार को एक आवारा कुत्ते ने चार वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका सतना के एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे देवेंद्र नगर स्थित वन विभाग के रेंजर कार्यालय परिसर में हुई, जहां बच्ची के पिता वनरक्षक के रूप में पदस्थ हैं।

बच्ची के पिता राकेश कुमार रजक ने बताया, “एक आवारा कुत्ता परिसर में बिल्ली का पीछा कर रहा था। बच्ची जब बिल्ली के पास जाने लगी, तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसके चेहरे को बुरी तरह नोच दिया।”

रजक के मुताबिक, बच्ची को पहले देवेंद्र नगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सतना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजन ने कहा कि बच्ची के जबड़े और आंखों के नीचे गंभीर चोटें आई हैं तथा उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सतना के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज शुक्ला ने लोगों को कुत्ते के काटने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि रेबीज जानलेवा बीमारी है और लक्षण विकसित होने के बाद इसका कोई प्रभावी उपचार नहीं है।

भाषा

सं दिमो पारुल

पारुल