Reported By: Mahendra Singh Kushwaha
,Gwalior Newlywed Suspicious Death / Image Source : AI GENERATED
ग्वालियर : Gwalior Newlywed Suspicious Death मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शादी के एक साल बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मरने से महज 20 मिनट पहले पलक रजक ने पिता को फोन कर कहा था- “पापा, मुझे यहां से ले जाओ। ससुराल वाले कार और सोने की चेन मांगते हैं। तीन दिन से खाना नहीं खाया। ये लोग मुझे मार डालेंगे।” पिता-पुत्री की बात खत्म होते ही दामाद का फोन आया कि पलक ने फांसी लगा ली है। जब मायके वाले पहुंचे तो पलक की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि गले, पैर और शरीर पर चोट के निशान थे। मायके पक्ष इसे दहेज हत्या बता रहा है, जबकि ससुराल पक्ष आत्महत्या कह रहा है। इस पूरे मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मामला दर्ज किया और शव बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुरैयापुरा की है। शहर के पिंटो पार्क निवासी मोहन सिंह रजक की बेटी पलक की शादी 14 अप्रैल 2025 को एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी अमित रजक से हुई थी। परिवार का कहना है कि शादी में सोना-चांदी, बाइक और अन्य सामान दिया गया था। इसके बावजूद सास, देवर और पति दहेज में कार और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पलक को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। यहां तक कि शादी के समय दी गई एफडी भी तुड़वाकर पैसे ले लिए गए। पलक को खाने तक नहीं दिया जाता था और घर में सबसे अलग-थलग रखा जाता था।
इसी कड़ी में 12 मई की रात पलक ने अपने पिता मोहन सिंह को फोन कर कहा- “पापा, ससुराल में मुझसे कोई बात नहीं करता। मैंने तीन दिन से खाना भी नहीं खाया। बार-बार कार और सोने की चेन मांगते हैं। लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। मुझे ले जाओ।” पिता ने बेटी से कहा कि ठीक है, तेरे भाई को भेजता हूं। पलक बेहद डरी हुई थी और रोते हुए बोली, “मुझे जल्दी आकर ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे।” इसके 20 मिनट बाद दामाद अमित का फोन आया। उसने कहा कि पलक ने फांसी लगा ली है। जब वे लोग पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों का कहना है कि पलक के गले, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे, जो मारपीट की ओर इशारा करते हैं। मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाए, पूरी वीडियोग्राफी हो और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जाए। साथ ही पति, सास और देवर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए।
वहीं, पलक के ससुर बाबूलाल ने पुलिस को बताया कि वह बाजार से लौटे तो छोटे बेटे सूरज ने बताया कि पलक ने कमरे की कुंडी बंद कर ली है। दरवाजा तोड़कर देखा तो वह पंखे से लटकी मिली। इसके बाद परिवार उसे अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
शादी के एक साल के भीतर मौत होने से यह मामला दहेज प्रताड़ना से जुड़ गया है। परिजन इसे दहेज हत्या बता रहे हैं और ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि पलक की मौत हत्या थी या आत्महत्या।