टी20 विश्व कप पर गोवा से चल रही सट्टेबाजी, इंदौर में एक गिरफ्तार, 7.21 लाख की नकदी बरामद

टी20 विश्व कप पर गोवा से चल रही सट्टेबाजी, इंदौर में एक गिरफ्तार, 7.21 लाख की नकदी बरामद

Modified Date: November 1, 2021 / 10:08 pm IST
Published Date: November 1, 2021 10:08 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), एक नवंबर (भाषा) टी20 विश्व कप के जारी क्रिकेट मैचों पर गोवा से ऑनलाइन सट्टेबाजी का गिरोह चलाए जाने का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोमवार को इंदौर में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 7.21 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

एमआईजी पुलिस थाने के प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि सट्टेबाजी गिरोह के गिरफ्तार सदस्य की पहचान चंद्रशेखर स्वामी (50) के रूप में हुई है। वह इंदौर का ही रहने वाला है।

उन्होंने बताया कि स्वामी के कब्जे से 7.21 लाख रुपये की नकदी के साथ टी20 विश्व कप पर सट्टे के लाखों रुपये के हिसाब-किताब की डायरी मिली है।

वर्मा ने बताया, ‘‘स्वामी ने हमें पूछताछ में बताया है कि गोपाल रघुवंशी उर्फ गोपाल इमली नाम का सट्टेबाज इस समय गोवा में है और वहीं से टी20 विश्व कप पर ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह चला रहा है।’’

उन्होंने जांच के हवाले से बताया कि गिरोह के सदस्य सट्टेबाजी को लेकर नकदी के साथ ही चेक और ऑनलाइन माध्यमों से भी धन का लेन-देन करते थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह के बारे में विस्तृत पड़ताल और इसके अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

भाषा हर्ष हर्ष शोभना

शोभना


लेखक के बारे में