केन-बेतवा: प्रदर्शनकारियों का पथराव, पुलिस ने खदेड़ा
केन-बेतवा: प्रदर्शनकारियों का पथराव, पुलिस ने खदेड़ा
छतरपुर (मध्यप्रदेश), 11 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़े मुआवजे और कुछ अन्य मांगों को लेकर यहां बिजावर तहसील में प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने मंगलवार देर रात पुलिस पर पथराव कर दिया जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया व पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में 40 से अधिक लोगों पर बिजावर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई के मद्देनजर पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अगम जैन ने बताया कि मंगलवार देर रात सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) विजय द्विवेदी को घेर कर पथराव किया।
उन्होंने बताया कि जवाब में पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों से पुलिस बल बुलाया गया।
जैन ने बताया कि एसडीएम को घेरकर पथराव करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और चक्का जाम करने को लेकर 40 से अधिक लोगों पर बिजावर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि भटनागर को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया था और उनकी जमानत याचिका खारिज हो गई थी।
एसपी ने कहा कि इससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने तहसील कार्यालय घेर लिया और भटनागर की तत्काल रिहाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने भटनागर को बिना वजह गिरफ्तार किए जाने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि जब वे एसडीएम को ज्ञापन सौंपने उनके कार्यालय गए तो उन्होंने ज्ञापन तक लेने से इनकार कर दिया।
एसडीएम द्विवेदी ने प्रदर्शनकारियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, ‘‘यह विरोध प्रदर्शन अदालती कार्रवाई के विरोध में किया जा रहा है। प्रशासन ने उन्हें समझाने की कोशिश की पर इसका कोई हल नहीं निकला है।’’
प्रदर्शनकारियों में शामिल संतोषी नाम की एक महिला ने कहा, ‘‘भटनागर गरीबों और विस्थापितों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी रिहाई तक हमारा धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा।’’
भटनागर पिछले कुछ दिनों से जारी प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे।
जिलाधिकारी पार्थ जैसवाल ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की उचित मांगें पूरी करने को कहा गया था लेकिन रात में उन्होंने पथराव कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की।
प्रदर्शनकारियों की मांगों में मुख्य रूप से उचित पुनर्वास और मुआवजा शामिल हैं।
केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत मध्यप्रदेश से निकलने वाली केन और बेतवा नदी को नहर के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इसके तहत केन नदी का पानी बेतवा नदी में बहाया जाएगा, जिससे न सिर्फ जल स्तर में वृद्धि होगी, बल्कि सिंचाई और पेयजल के लिए भरपूर पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 दिसंबर 2024 को खजुराहो में करीब 45,000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना की आधारशिला रखी थी।
भाषा ब्रजेन्द्र नोमान
नोमान

Facebook


