मप्र : 73 वर्षीय महिला को आपात स्थिति में एयर एम्बुलेंस से स्थानांतरित किया गया
मप्र : 73 वर्षीय महिला को आपात स्थिति में एयर एम्बुलेंस से स्थानांतरित किया गया
इंदौर, 18 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से जूझ रही 73 वर्षीय महिला को राज्य सरकार ने मंगलवार को रोगी की आपात स्थिति के मद्देनजर हवाई मार्ग से स्थानांतरित किया और इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तारा बाई (73) की आपात स्थिति के कारण उन्हें ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ के विशेष विमान के जरिये खंडवा से इंदौर लाया गया और शहर के शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली 73 वर्ष महिला रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के कारण ‘ट्रॉमैटिक पैराप्लेजिया’ से पीड़ित है और उसके पैरों व धड़ के निचले हिस्से में लकवे जैसी स्थिति है।
इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू कर दिया है। मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है।’’
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ की शुरुआत 2024 में की थी। उन्होंने बताया कि हादसों में गंभीर रूप से घायल लोगों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले रोगियों को इस आपातकालीन सेवा के जरिये बड़े शहरों के अस्पतालों तक पहुंचाया जाता है।
भाषा हर्ष मनीषा
मनीषा

Facebook


