मप्र : शाजापुर में लापता बालक का शव बरामद, हत्या की आशंका
मप्र : शाजापुर में लापता बालक का शव बरामद, हत्या की आशंका
शाजापुर, 17 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में कालापीपल थाना क्षेत्र के नांदनी गांव में लापता 10 वर्षीय बालक का शव शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि नांदनी गांव निवासी प्रियांश मेवाड़ा (10) बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे दोस्तों के साथ खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चलने पर कालापीपल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह बालक का शव गांव में विद्युत मंडल के एक खंडहरनुमा भवन के पास मिला। शव के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक, स्थानीय विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की।
शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। इस संबंध में कालापीपल थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा
सं, दिमो रवि कांत

Facebook


