मप्र: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की

Ads

मप्र: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 03:57 PM IST

इंदौर, 11 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा करते हुए शनिवार को कहा कि राज्य के दो करोड़ से अधिक युवाओं को विकास और नीति निर्माण की प्रक्रिया में भागीदार बनाने के लिए आगामी साल में विशेष अभियान चलाया जाएगा।

यादव ने इंदौर में ‘माय यूथ, माय प्राइड’ सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से कहा,“हम 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रहे हैं। हमारे राज्य में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। हम युवाओं से जानना चाहते हैं कि प्रदेश की दिशा-दशा कैसी हो, उनकी सहभागिता क्या हो, उनके विचार क्या हों और सरकारी योजनाओं में किस प्रकार सुधार किया जा सकता है। अगला वर्ष युवाओं को समर्पित किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के सुझावों और अनुभवों को नीति निर्माण तथा विकास योजनाओं से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

यादव ने कहा कि ‘युवा वर्ष’ के दौरान पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के साथ संवाद करके उनके सुझाव लिए जाएंगे और उन्हें विकास प्रक्रिया में भागीदार बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्टार्टअप तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र का तेजी से विस्तार हुआ है।

यादव ने कहा कि 25 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों में 1.43 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 8,000 से अधिक स्टार्टअप संचालित हैं जिनमें लगभग आधे का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।

यादव के अनुसार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 23,590 युवाओं को 1,621 करोड़ रुपये का ऋण और 136 करोड़ रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया गया है, जबकि ‘सीखो कमाओ’ योजना से आठ लाख से अधिक युवाओं को जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार हुआ है और आने वाले वर्षों में निजी एवं सरकारी क्षेत्र को मिलाकर 50 से अधिक चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित होने की संभावना है।

भाषा हर्ष संतोष

संतोष