मप्र:कांग्रेस की साइकिल यात्रा शुरू, नीट की ‘गड़बड़ियों’ पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
मप्र:कांग्रेस की साइकिल यात्रा शुरू, नीट की 'गड़बड़ियों' पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
इंदौर, 14 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नीट-यूजी परीक्षा के कथित प्रश्नपत्र लीक और अन्य गड़बड़ियों को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मंगलवार को हमला बोला और कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इन गड़बड़ियों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
इंदौर से भोपाल तक निकाली जा रही साइकिल यात्रा ‘‘युवा स्वाभिमान : जेन-जी साइक्लोथॉन’ की शुरुआत के दौरान पटवारी ने यहां कहा कि प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) का प्रश्नपत्र कथित रूप से लीक होने और अन्य गड़बड़ियों के कारण परीक्षा के निरस्त होने को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा।
पटवारी ने दावा किया कि नीट परीक्षा निरस्त होने के कारण देश भर में 20 विद्यार्थियों ने आत्महत्या कर ली है।
उन्होंने कहा कि नीट-यूजी में कथित गड़बड़ियों की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान को लेनी चाहिए और उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच कर रहा है।
नीट की पुन: परीक्षा 21 जून को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई थी।
पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य में पिछले ढाई दशक से जारी भाजपा शासन के दौरान सरकारी भर्ती परीक्षाओं में जमकर धांधली और भ्रष्टाचार हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य के सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों के 50 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं।
पटवारी ने राज्य में केजी से पीजी (स्नातकोत्तर) तक निःशुल्क शिक्षा प्रणाली लागू करने की भी वकालत की।
उन्होंने कहा,‘‘आर्थिक रूप से संपन्न लोग ही बड़े शिक्षा संस्थानों में अपने बच्चों को पढ़ा पाते हैं। ऐसे में केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा क्यों नहीं होनी चाहिए?’’
इंदौर से रवाना साइकिल यात्रा मंगलवार देर शाम आष्टा पहुंचेगी और दूसरे दिन बुधवार को यह यात्रा आष्टा से भोपाल पहुंचेगी।
भाषा हर्ष शोभना
शोभना

Facebook


