मप्र: कांग्रेस छिंदवाड़ा हादसे में मृतकों के परिजनों को देगी 50-50 हजार रुपये

मप्र: कांग्रेस छिंदवाड़ा हादसे में मृतकों के परिजनों को देगी 50-50 हजार रुपये

मप्र: कांग्रेस छिंदवाड़ा हादसे में मृतकों के परिजनों को देगी 50-50 हजार रुपये
Modified Date: March 28, 2026 / 06:22 pm IST
Published Date: March 28, 2026 6:22 pm IST

भोपाल, 28 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में दो दिन पहले हुए बस हादसे में जान गंवाने वाले 10 लोगों के परिजनों को कांग्रेस ने शनिवार को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

कांग्रेस ने इस दुर्घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हादसे का शिकार हुई बस मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महिलाओं पर दबाव डाले जाने की शिकायतें मिली हैं और यह तक कहा गया कि अगर वे नहीं पहुंचीं तो ‘लाड़ली बहना योजना’ का लाभ बंद कर दिया जाएगा।

सिंघार ने सवाल किया कि क्या सरकार उन ‘‘अधिकारियों या कार्यकर्ताओं’’ की भूमिका की जांच कराएगी, जिन पर इस तरह का दबाव बनाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को लेकर लौट रही बस और एक पिकअप वाहन के बीच टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई तथा 31 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन-चार लोगों की हालत गंभीर है।

सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देगा।

राज्य विधानसभा की 230 सीट में कांग्रेस के 65 विधायक हैं।

मुख्यमंत्री ने हादसे के कुछ घंटों बाद मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये और गंभीर घायलों के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता की घोषणा की थी।

इसके बाद शुक्रवार को ‘संबल’ योजना के तहत मृतकों के परिजनों को अतिरिक्त चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की गई, जिससे कुल मुआवजा राशि आठ-आठ लाख रुपये हो गयी।

सिंघार ने कहा कि मध्यप्रदेश में सड़क हादसों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और इस मामले में राज्य, देश में दूसरे स्थान पर है।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में 65,214 लोगों की मौत हुई है, जिनमें वर्ष 2024 में 14,791 लोगों की जान गई।

कांग्रेस नेता ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

दो घायलों का इलाज नागपुर में जारी है।

भाषा दिमो जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में