मप्र: शादी से इनकार पर महिला बैंक कर्मी की हत्या करके शव जलाने का आरोपी ‘इलेक्ट्रिशियन’ गिरफ्तार
मप्र: शादी से इनकार पर महिला बैंक कर्मी की हत्या करके शव जलाने का आरोपी ‘इलेक्ट्रिशियन’ गिरफ्तार
इंदौर (मध्यप्रदेश), 29 जुलाई (भाषा) इंदौर में शादी से इनकार पर 24 वर्षीय महिला बैंक कर्मी की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक इलेक्ट्रिशियन को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने महिला की हत्या के बाद शव जलाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया ताकि जांचकर्ताओं को गुमराह किया जा सके।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि 26 जुलाई को खजराना थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में पलक (24) का जला हुआ शव मिला था।
उन्होंने बताया कि मूल रूप से हरदा जिले की निवासी पलक इंदौर में किराये के फ्लैट में अकेली रहती थी और निजी क्षेत्र के एक बैंक में कार्यरत थी।
सिंह ने बताया,‘‘शुरुआत में मामला आत्महत्या या अग्नि दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी।’’
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मयंक शाक्य (35) को गिरफ्तार किया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शाक्य ग्वालियर जिले के डबरा का निवासी है और पेशे से बिजली मिस्री है।
उन्होंने बताया कि पलक और शाक्य पिछले पांच वर्षों से एक-दूसरे से परिचित थे और आरोपी महिला के पास अक्सर आता-जाता था।
सिंह ने कहा कि हत्या से एक दिन पहले इलेक्ट्रिशियन ने महिला बैंक कर्मी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन इनकार होने पर उसने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने हत्याकांड को हादसा दिखाने के लिए रसोई गैस के चूल्हे के बर्नर से छेड़छाड़ की और महिला के शव को जलाकर ऐसी स्थिति बनाने का प्रयास किया कि उसकी मौत घर में आग लगने से हुई प्रतीत हो।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने शाक्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और धारा 238(ए) (अपराध का साक्ष्य मिटाना) के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब

Facebook


