मप्र : दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी डिब्बे में लगी आग, कोई हताहत नहीं

Ads

मप्र : दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी डिब्बे में लगी आग, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 05:30 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 05:30 PM IST

रतलाम/कोटा, 17 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में तिरुवनंतपुरम से नयी दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार सुबह आग लग गई, जिससे दो डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और कई घंटों तक मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन मरम्मत और अन्य उपकरण लेकर घटनास्थल पर जा रही एक वैन बाद में पलट गई, जिससे रेलवे के पांच कर्मचारी घायल हो गए।

इस घटना में ओवरहेड उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के कारण मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर 10 से अधिक ट्रेनों का समय प्रभावित हुआ है। बाद में सात घंटे से अधिक समय के बाद रेल यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि आग लगने के कारणों की जांच चल रही है।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के जिस एसी डिब्बे में आग लगी थी, उसमें 68 यात्री सवार थे और आग लगने के 15 मिनट के भीतर डिब्बे को खाली करा लिया गया।

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 डिब्बे में सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर आग लगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन तड़के तीन बजकर 55 मिनट पर रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने की यह घटना कोटा मंडल के क्षेत्राधिकारी में विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच हुई।

उन्होंने कहा, ”प्रभावित कोच से सभी यात्रियों को 15 मिनट में उतार दिया गया। आग से बी-1 कोच के पीछे वाले डिब्बे ‘लगेज-कम-गार्ड वैन’ (एसएलआर) को भी नुकसान पहुंचा है।

रेलवे अधिकारियों ने तुरंत ‘ओवरहेड’ तार से बिजली की आपूर्ति बंद कर दी और आग पर काबू पा लिया गया।

श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित ‘गार्ड वैन’ और एसी डिब्बे को अलग कर दिया गया तथा ट्रेन सुबह नौ बजकर 48 मिनट पर आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि यात्रियों को राजस्थान के कोटा तक की यात्रा के लिए दूसरे डिब्बे में बैठाने की व्यवस्था की गई है।

अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के कोटा स्टेशन पर पहुंचने के बाद एक अतिरिक्त कोच जोड़ा गया ताकि सभी यात्री सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकें।

रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों की आवाजाही के बारे में जानकारी मांगने वाले यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

रतलाम मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अजय कुमार कालरा स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बचाव और बहाली कार्य के लिए एक राहत ट्रेन व ‘एक टावर वैगन’ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इस बीच, राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग की घटना स्थल पर मरम्मत सामग्री लेकर जा रही एक रेलवे वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में रेलवे के पांच कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, आग की घटना के बाद मौके पर मरम्मत कार्य तेजी से चलाया जा रहा था और उसी दौरान रिपेयर का सामान लेकर एक वैन घटनास्थल की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इस दुर्घटना में मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारी घायल हो गए।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य चार कर्मचारियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग की घटना और उसके बाद हुए इस हादसे ने मरम्मत तथा राहत कार्यों को प्रभावित किया है। इसके चलते मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर कई ट्रेनों की आवाजाही में अस्थायी रूप से बाधा उत्पन्न हुई है।

रेलवे प्रशासन ने दोनों घटनाओं की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों और वैन के पलटने की वजहों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। तकनीकी टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है ताकि स्थिति को जल्द सामान्य किया जा सके।

इस दोहरी घटना के कारण रेलवे नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि सात घंटे की मशक्कत के बाद इस मार्ग पर रेल सेवा बहाल कर दी गई।

भाषा

ब्रजेन्द्र रवि कांत