मप्र: भोपाल में पटाखों की दुकान और गोदाम में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

मप्र: भोपाल में पटाखों की दुकान और गोदाम में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

मप्र: भोपाल में पटाखों की दुकान और गोदाम में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं
Modified Date: June 12, 2026 / 01:03 pm IST
Published Date: June 12, 2026 1:03 pm IST

भोपाल, 12 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के भोपाल में बृहस्पतिवार देर रात पटाखों की एक दुकान व गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लगातार विस्फोट होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हलालपुरा क्षेत्र में हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि आग देर रात करीब साढ़े तीन बजे बैरागढ़ रोड पर एक पेट्रोल पंप के समीप स्थित गोदाम में लगी।

अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में रखे पटाखों के लगातार फटने के कारण दमकलकर्मियों को शुरुआती दौर में आग वाली जगह के करीब पहुंचने में काफी कठिनाई हुई और विस्फोटों के साथ चिंगारियां व जलते हुए पटाखे दूर-दूर तक गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हलालपुरा के पटाखा बाजार से कुछ दूरी पर स्थित इस दुकान-सह-गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडार था।

भोपाल नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी सौरभ पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमें सुबह करीब चार बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। करीब 10 दमकल वाहनों ने लगभग तीन घंटे तक आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया।’’

उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठान के निकट पेट्रोल पंप होने से आग बुझाने का काम और चुनौतीपूर्ण हो गया था।

पटेल ने बताया कि परिसर में रखे पटाखों के लगातार फटने से दमकलकर्मियों को आग के नजदीक पहुंचने में शुरुआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें करीब 80 फुट ऊंचाई तक उठ रही थीं और लंबे समय तक विस्फोट होते रहने से क्षेत्र के निवासियों में दहशत का माहौल बन गया।

अधिकारी ने बताया कि फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) तथा अन्य अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहन बुलाए गए।

उन्होंने बताया कि दिन में तापमान बढ़ने के साथ आग दोबारा भड़कने की आशंका को देखते हुए एहतियातन दो पानी के टैंकर मौके पर तैनात किए गए हैं। पटेल ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि यह प्रतिष्ठान पटाखा बाजार से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित था।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने सड़क के एक हिस्से को बंद कर दिया था क्योंकि जलते हुए पटाखे और मलबा सड़क पर गिर रहा था।

अग्निशमन अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।

भाषा दिमो मनीषा जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में