इंदौर (मध्यप्रदेश), 19 मई (भाषा) इंदौर में पुलिस ने मेफेड्रोन की अंतरराज्यीय तस्करी का खुलासा करते हुए मंगलवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मेफेड्रोन को ‘एमडी’ और ‘म्याऊं-म्याऊं’ के नाम से भी जाना जाता है। पुलिस के मुताबिक यह मानव निर्मित रसायनों से बना नशीला पदार्थ है और बड़ी तादाद में युवा इसकी लत के शिकार हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस की अपराध निरोधक शाखा के दल ने यहां टिगरिया बादशाह कांकड़ रोड पर घेराबंदी करके एक कार और दो मोटरसाइकिल को रोका।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई जिससे वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को पकड़ा और कार से एक किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किया जिसकी नशे के अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये कीमत आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक कारतूस भी मिला।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के झालावाड़ निवासी नवीन सोलंकी (25) और शंकर सिंह (33), मध्यप्रदेश के उज्जैन निवासी विक्रम सिंह (31) और नरेंद्र सिंह (26) और स्थानीय निवासी गोविंद वर्मा (29) शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सोलंकी इस गिरोह का मुख्य आरोपी है।
सिंह ने कहा,‘‘सोलंकी और वर्मा सैलून में काम करते हैं और बाइक टैक्सी भी चलाते हैं। बाकी आरोपी खेती करते हैं।’’
उन्होंने बताया कि पांचों तस्करों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार