भोपाल, दो जून (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार चरणबद्ध तरीके से राज्य द्वारा संचालित बस सेवा शुरू करेगी और आगामी रक्षाबंधन त्योहार तक महिलाएं इन बसों में यात्रा कर सकेंगी।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य परिवहन सेवा की गरीबों के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है लेकिन कांग्रेस के शासनकाल के दौरान बस सेवा को बंद कर दिया गया था।
यादव ने कहा, ‘‘अब, हमारी सरकार न केवल तेजी से बेहतर और आधुनिक सड़कों का निर्माण कर रही है, बल्कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।’’
उन्होंने कहा,‘‘रक्षाबंधन पर हमारी प्यारी बहनें राज्य परिवहन की बसों में यात्रा कर सकेंगी।’’
यह त्योहार इस साल 28 अगस्त को है।
यादव ने कहा कि लोगों को अब निजी वाहनों में यात्रा करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के विशाल विस्तार के कारण, शहरों के बीच दूरियां लंबी हैं और लोग माल ले जाने वाले वाहनों में यात्रा करने के लिए मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुगम परिवहन सेवा इन सभी समस्याओं को खत्म करेगी और राज्य के आंतरिक हिस्सों को जोड़ेगी एवं पड़ोसी राज्यों को भी संपर्क प्रदान करेगी।
यादव ने सोमवार को नई सेवा पर चर्चा करने के लिए ‘मध्यप्रदेश पैसेंजर ट्रांसपोर्ट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड’ के निदेशक मंडल की बैठक की अध्यक्षता की। इसमें बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बोर्ड के प्रबंध निदेशक मनीष सिंह ने बैठक में एक प्रस्तुति के दौरान बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के उद्देश्य से राज्य को सात क्षेत्रों इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर और रीवा में विभाजित किया जाएगा।
इंदौर क्षेत्र में पीएम ई-बस सेवा और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना के तहत बसों का संचालन शुरू होगा।
सिंह ने कहा कि राज्य भर में सात शहरों और इतने ही क्षेत्रीय मुख्यालयों से जिला मुख्यालयों तक कुल 620 मार्गों की पहचान की गई है।
भाषा ब्रजेन्द्र राजकुमार
राजकुमार