इंदौर, 24 सितंबर (भाषा) इंदौर में पुलिस ने मादक पदार्थ ‘मेफेड्रोन’ (एमडी) की अवैध खरीद-फरोख्त के अलग-अलग मामलों में दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इनमें राजस्थान का 21 वर्षीय युवक शामिल है जिसका चार दिन बाद निकाह होना था।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमन सिंह राठौर ने बताया कि पिछले तीन दिन के दौरान दो अलग-अलग मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से कुल 64.85 ग्राम एमडी जब्त किया गया जिसकी कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी जा रही है।
राठौर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के झालावाड़ जिले का शेख अनस (21) शामिल है जिसका चार दिन बाद इंदौर में निकाह होना था।
उन्होंने बताया कि अनस को इंदौर में एमडी की आपूर्ति के आरोप में कोटा से हिरासत में लिया गया और सुरागों के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
राठौर ने बताया कि एक अन्य मामले में महालक्ष्मी नगर स्थित फ्लैट में युवक-युवतियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई देने पर पुलिस ने दबिश दी और वहां से एमडी बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि इस फ्लैट को पार्टी के लिए बुक किया गया था।
डीसीपी ने बताया कि मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपियों में शहजाद चौधरी (38), मोहम्मद सद्दाम (34), हर्ष शर्मा (40), रुपाली रावल (25) और रानी कौशल (33) शामिल हैं।
पुलिस की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
भाषा हर्ष राजकुमार
राजकुमार