मध्यप्रदेश के मुरैना में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत

Ads

मध्यप्रदेश के मुरैना में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 07:32 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 07:32 PM IST

मुरैना (मध्यप्रदेश), 24 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बृहस्पतिवार को पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा जौरा थाना क्षेत्र में पगारा रोड स्थित कारस देव बाबा मंदिर के पास मझरा गांव में पत्थर खदान के पानी से भरे गड्ढे में हुआ।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मझरा गांव के विकास आदिवासी (15) और सुनील आदिवासी (16) के रूप में हुई है।

जौरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) नितिन बघेल ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर दोनों बच्चे अपने एक अन्य साथी के साथ साइकिल से घूमने निकले थे और गर्मी के कारण वे खदान के गहरे पानी में नहाने उतर गए।

उन्होंने कहा कि पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने से दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

बघेल ने बताया कि उनके साथ मौजूद तीसरे बालक ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही जौरा पुलिस मौके पर पहुंची और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) दल को बुलाया गया।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव गड्ढे से बाहर निकाले गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जौरा सिविल अस्पताल ले जाया गया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार

राजकुमार