मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की वृद्धि: मुख्यमंत्री यादव

मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की वृद्धि: मुख्यमंत्री यादव

मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की वृद्धि: मुख्यमंत्री यादव
Modified Date: November 19, 2025 / 10:22 pm IST
Published Date: November 19, 2025 10:22 pm IST

भोपाल, 19 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि राज्य में पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत वृद्धि हुई है और 2024 में 13.41 करोड़ पर्यटक आए।

उन्होंने सरकार की विभिन्न पर्यटन प्रोत्साहन योजनाओं के कारण पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि का अनुमान लगाया।

यादव ने कहा कि विश्व धरोहर स्थल खजुराहो और पन्ना टाइगर रिजर्व के आसपास विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, लोग इस क्षेत्र की यात्रा वंदे भारत ट्रेन से या प्रधानमंत्री श्री हेली पर्यटन सेवा का उपयोग करके कर सकते हैं।

यादव ने यहां ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस होटल का उद्घाटन करने के बाद कहा, ‘मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और पिछले साल 13.41 करोड़ लोग (पर्यटक) राज्य में आए।’

बेहतर संपर्क का हवाला देते हुए, यादव ने कहा कि खजुराहो में पहले से ही एक हवाई अड्डा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई नई वंदे भारत ट्रेन अब बुंदेलखंड के गौरव, मतंगेश्वर महादेव को काशी विश्वनाथ से जोड़ती है।

उन्होंने कहा, ‘यह राज्य सरकार की पीएम श्री हेली-पर्यटक सेवा जैसी विभिन्न पर्यटक सुविधाओं के अतिरिक्त है। मध्यप्रदेश के निवासियों को अंतर-राज्यीय हवाई सेवा की भी सुविधा उपलब्ध है। मैं पर्यटकों से इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील करता हूं।’

यादव ने कहा कि राज्य सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘दुनिया खजुराहो की प्राचीन वास्तुकला की ओर आकर्षित है।’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘खजुराहो महाराजा छत्रसाल की राजधानी थी। आल्हा और उदल की वीरता की कहानियां बुंदेलखंड में उत्साह जगाती हैं। 70 एकड़ में बना यह शानदार (ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस) होटल न केवल पर्यटकों को शानदार सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि स्थानीय निवासियों को रोजगार भी प्रदान करेगा।’

मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और खजुराहो के सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो का दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करना मध्य प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने खजुराहो सहित भारत के 17 प्रतिष्ठित शहरों की पहचान की है। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक पास के पन्ना टाइगर रिज़र्व में भी आते हैं। जहां पन्ना में हीरे पाए जाते हैं, वहीं राजगढ़ पैलेस होटल उद्योग का हीरा बनकर उभरेगा।’

राजगढ़ पैलेस की भव्यता का विवरण देते हुए, ओबेरॉय समूह के ईआईएच लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष अर्जुन ओबेरॉय ने कहा कि मध्यप्रदेश अद्वितीय पर्यटन क्षमता और संस्कृति का केंद्र है।

राजगढ़ पैलेस का डिज़ाइन और लेआउट आगंतुकों को मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राजगढ़ पैलेस पर्यटकों के लिए मध्यप्रदेश का प्रवेश द्वार बनेगा।

भाषा दिमो

जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में