रतलाम (मप्र), 15 जुलाई (भाषा) मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में 35 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आठ-लेन वाले एक्सप्रेसवे पर अकारण पथराव के बाद पुलिस ने शिवगढ़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश खाखा ने कहा कि जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी दूर शिवगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बायदी गांव के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने वाहनों पर पथराव किया।
उन्होंने बताया कि जितेंद्र पाटीदार (35) नाम का एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि घटना में एक ट्रक, पांच कार और कुछ अन्य वाहनों की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
एएसपी ने कहा कि पाटीदार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा संतोष माधव
माधव