मप्र : आईपीएल पर ऑनलाइन सट्टा गिरोह का खुलासा, आईटी पेशेवर और बैंक अफसर समेत आठ गिरफ्तार

Ads

मप्र : आईपीएल पर ऑनलाइन सट्टा गिरोह का खुलासा, आईटी पेशेवर और बैंक अफसर समेत आठ गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 06:43 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 06:43 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 27 मई (भाषा) इंदौर में पुलिस ने ‘इंडियन प्रीमियर लीग’ (आईपीएल) के मुकाबलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का बुधवार को भंडाफोड़ करते हुए आईटी पेशेवर और बैंक अधिकारी समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि बाबजी नगर इलाके के एक मकान से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल दास (28), राजेन्द्र दास (23), रामास्वामी (31), चिन्मय कुमार साहू (24), आनंद प्रधान (22), अविनाश ठाकुर (29), शशांक नेगी (29) और विकास विश्वाल (21) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि इनमें से चार आरोपी ओडिशा के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं, जबकि चार अन्य मध्यप्रदेश के जबलपुर से ताल्लुक रखते हैं।

त्रिपाठी ने बताया,‘‘सभी आरोपी उच्च शिक्षित हैं। इनमें आईटी पेशेवर, बैंक अधिकारी, रेलवे कर्मचारी और गिग कर्मी शामिल हैं।’’

उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक एलईडी टीवी के साथ ही दो करोड़ रुपये से ज्यादा के सट्टे के लेन-देन की प्रविष्टियों वाले चार रजिस्टर जब्त किए गए हैं।

डीसीपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक वेबसाइट के जरिए आईपीएल मुकाबलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी ग्राहकों से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराकर उन्हें सट्टेबाजी के लिए आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे।

त्रिपाठी ने बताया,‘‘शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार दुबई से जुड़े होने के बारे में पता चला है। आरोपियों के बैंक खातों और ऑनलाइन लेन-देन की छानबीन की जा रही है।’’

भाषा हर्ष राजकुमार

राजकुमार