ठाणे, 25 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शनिवार को एक चॉल के पास भूस्खलन के बाद नौ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुंब्रा के रेतीबंदर इलाके में दत्ता मंदिर के पीछे स्थित खंडेशी चॉल के पास हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि उन्हें अपराह्न करीब 1:20 बजे भूस्खलन की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि स्थिति का आकलन करने के लिए आपातकालीन कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया।
तडवी ने बताया, ‘‘भूस्खलन के कारण गिरी दीवार का एक हिस्सा जो पास की सड़क पर आ गया था, उसे आपदा प्रबंधन कर्मियों ने हटाकर यातायात बहाल कर दिया।’’ एहतियाती कदम के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
तडवी ने कहा कि चॉल की खराब स्थिति को देखते हुए वहां रह रहे नौ परिवारों को अस्थायी रूप से सुरक्षित वैकल्पिक आवासों में जाने के लिए कहा गया है।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश