मप्र: सड़क पर खड़ी कार को हटाने को लेकर विवाद में स्कूल बस चालक को मारी गोली, घायल
मप्र: सड़क पर खड़ी कार को हटाने को लेकर विवाद में स्कूल बस चालक को मारी गोली, घायल
ग्वालियर 12 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार को सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद अज्ञात लोगों ने एक स्कूल बस के चालक को कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि स्कूल बस में 50 से अधिक विद्यार्थी सवार थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि गोलीबारी बस को निशाना बनाकर नहीं की गई थी और हमलावरों ने बस से उतरने के बाद चालक पर तमंचे से गोली चलाई।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में स्कूल बस चालक घायल हो गया। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) सौरभ कुमार ने बताया कि घटना पिचोर थाना क्षेत्र में सुबह उस समय हुई, जब स्कूल बस विद्यार्थियों को लेकर डबरा स्थित स्कूल जा रही थी।
उन्होंने बताया कि समूदन गांव के पास चालक खेम सिंह ने सड़क पर एक कार खड़ी देख बस रोक दी।
अधिकारी ने बताया कि सिंह ने बस के सहायक के माध्यम से कार में सवार लोगों से वाहन हटाने को कहा।
उन्होंने बताया कि कार में सवार लोगों ने सहायक से सीएनजी खत्म होने की बात कही, इसके बाद सिंह बस से उतरे और विद्यार्थियों को समय पर स्कूल पहुंचाने के लिए कार को सड़क किनारे लगाने को कहा।
पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर कार सवारों ने तमंचे से सिंह पर कथित रूप से गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।
कुमार ने बताया कि सिंह के चेहरे पर छर्रे लगे हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी व्यक्तिगत रंजिश की आशंका सामने आई है।
अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
सिंह ने पत्रकारों को बताया कि कार में सवार दो लोगों ने उन पर गोली चलाई, जिससे उनके चेहरे पर छर्रे लगे।
उन्होंने बताया कि वह हमलावरों को नहीं जानते।
भाषा सं दिमो जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


