मप्र: शिया समुदाय ने खामेनेई की हत्या की निंदा की, अमेरिका-इजराइल के खिलाफ लगाए नारे

मप्र: शिया समुदाय ने खामेनेई की हत्या की निंदा की, अमेरिका-इजराइल के खिलाफ लगाए नारे

मप्र: शिया समुदाय ने खामेनेई की हत्या की निंदा की, अमेरिका-इजराइल के खिलाफ लगाए नारे
Modified Date: March 21, 2026 / 04:24 pm IST
Published Date: March 21, 2026 4:24 pm IST

भोपाल, 21 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश में शिया समुदाय के अधिकांश लोगों ने शनिवार को ईद का त्यौहार नहीं मनाया और अमेरिका-इजराइल हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

उन्होंने इस दौरान अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी भी की।

वहीं, सुन्नी समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राज्यभर में ईदगाहों में नमाज अदा कर त्यौहार मनाया।

देशभर में शनिवार को ईद मनाई गयी।

शिया समुदाय के लोगों ने ईरान पर हमले को लेकर अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारे लगाए।

शिया समुदाय के लोग विरोध दर्ज कराने के लिए भोपाल समेत राज्य के अन्य स्थानों पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा करने पहुंचे।

शिया समुदाय के बच्चों को भी काली पट्टी बांधे देखा गया।

राजधानी के इमामबाड़े में खामेनेई का एक चित्र भी रखा गया।

अमेरिका व इजराइली हमले में पिछले महीने फरवरी के अंतिम सप्ताह में खामेनेई की मौत हुई थी।

वह शिया समुदाय से संबंध रखते थे।

कार्यक्रम के दौरान मौलाना रजी-उल-हसन ने अपने संबोधन में जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही।

ऑल इंडिया शिया समाज के प्रदेश अध्यक्ष इफ्तिखार अली उर्फ जानी पहलवान ने बुरहानपुर से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, “सिध्दिपुरा इमामिया मस्जिद में नमाज अदा करने और अमेरिका-इजराइल के खिलाफ नारे लगाने के बाद मैं घर लौट आया। मेरा समुदाय और मैं ईद नहीं मना रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि ईरान में इजराइल-अमेरिका के अत्याचार के विरोध में उन्होंने यह फैसला लिया है।

पहलवान ने बताया कि राज्य में करीब 4,000 शिया परिवार हैं, जो भोपाल, जबलपुर, इंदौर, विदिशा, उज्जैन, बुरहानपुर, नर्मदापुरम जिले के इटारसी और रतलाम जिले के जावरा में रहते हैं।

वहीं सुन्नी समुदाय के लोगों ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन सहित अन्य स्थानों पर नमाज अदा कर ईद मनाई।

भोपाल में शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने बृहस्पतिवार को चांद नहीं दिखने के बाद शनिवार को ईद मनाने की घोषणा की थी।

शनिवार सुबह साढ़े सात बजे ईदगाह में पहली नमाज अदा की गई, जिसके बाद जामा मस्जिद और मोती मस्जिद में भी नमाज हुई।

ताज-उल-मसाजिद में मौलाना हसन साहब की सरपरस्ती में विशेष नमाज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

भाषा सं दिमो जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में