मप्र: परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकले छात्र पर चाकू से हमला, मौत

Ads

मप्र: परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकले छात्र पर चाकू से हमला, मौत

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 10:19 PM IST

दमोह, छह मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के दमोह जिले में शुक्रवार को 10वीं कक्षा की परीक्षा देकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकले एक छात्र की उसके ही सहपाठी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान ऋषि अहिरवार (14) के रूप में हुई है और वह एक निजी सहशिक्षा विद्यालय में हुई परीक्षा का अंतिम पेपर देकर दोपहर करीब 12 बजे बाहर निकला था कि तभी उसपर चाकू से हमला किया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि हिरदेपुर और इमलाई गांव के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र उक्त विद्यालय में बनाया गया था, जहां ऋषि भी परीक्षा देने गया था।

उन्होंने बताया, ‘‘परीक्षा देने के बाद जैसे ही ऋषि परीक्षा केंद्र से बाहर निकला, तभी उसके एक सहपाठी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद उसके मित्र उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’’

थाना प्रभारी के मुताबिक, मृतक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले उसका एक सहपाठी से विवाद हुआ था और उसी सहपाठी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक एच. आर. पांडे ने बताया कि चाकू के कई वार से छात्र के शरीर से काफी खून बह गया था।

भाषा सं दिमो रवि कांत जितेंद्र

जितेंद्र