आलीराजपुर/इंदौर, 11 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में डकैती की नीयत से एक घर में घुसे बदमाशों ने 40 वर्षीय महिला से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया तथा उसके निजी अंग में लकड़ी की कोई चीज डाल दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने आदिवासी समुदाय की महिला के साथ बर्बर सामूहिक दुष्कर्म को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) से तहकीकात और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि बोरी थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके में पांच-छह बदमाश शुक्रवार रात महिला के घर में घुसे और इनमें से दो लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
सिंह ने बताया कि महिला के निजी अंग में चोट के निशान मिले हैं और चिकित्सकों ने भी ऐसी चोटों की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा,‘‘शुरुआती जांच में प्रतीत होता है कि महिला के निजी अंग में लकड़ी की कोई चीज (वुडन ऑब्जेक्ट) डाली गई थी।’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल से कुछ सबूत मिले हैं, लेकिन जांच जारी होने के मद्देनजर उनके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी जा सकती।
उन्होंने बताया कि आरोपी वारदात के दौरान महिला के घर से चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन ले गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पहली नजर में लगता है कि आरोपी डकैती की नीयत से महिला के घर में घुसे थे, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया शनिवार रात इंदौर के अस्पताल पहुंचे और सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित महिला का हाल-चाल जाना।
भूरिया, राज्य के झाबुआ क्षेत्र से विधायक भी हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा,‘‘चिकित्सकों ने मुझे बताया कि गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई महिला का ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो गया है।’’
भूरिया ने दावा किया कि आदिवासी समुदाय की महिला के साथ करीब आठ नकाबपोश लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य को शर्मसार करने वाली है और इससे महिलाओं तथा आदिवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
आदिवासी कांग्रेस प्रमुख ने कहा,‘‘हम मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग करते हैं कि घटना की तहकीकात के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाए और दोषियों को अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।’
भूरिया ने कहा कि पीड़ित महिला अपने पति को पहले ही खो चुकी है और उसे सरकार की ओर से आर्थिक मदद मुहैया कराई जाए।
भाषा हर्ष जितेंद्र
जितेंद्र