तरबूज खाने के बाद व्यक्ति की मौत, बेटा गंभीर

Ads

तरबूज खाने के बाद व्यक्ति की मौत, बेटा गंभीर

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 10:28 PM IST

श्योपुर, 16 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में कथित तौर पर तरबूज खाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसका बेटा गंभीर हालत में है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मुंबई में एक परिवार के चार सदस्यों की तरबूज खाने की घटना के एक माह बाद संदिग्ध विषाक्तता से मौत होने की यह घटना सामने आई है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आगर मालवा जिले के मूल निवासी इंद्र सिंह परिहार (43) के रूप में हुई है जो वह परिवहन कारोबारी थे और परिवार के साथ श्योपुर में रहते थे।

कोतवाली के थाना प्रभारी सत्यम सिंह गुर्जर ने बताया कि उनके बेटे राजा और विनोद भी कारोबार में हाथ बंटाते थे।

राजा परिहार के अनुसार, परिवार ने बृहस्पतिवार रात कद्दू की सब्जी खाई थी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे इंद्र सिंह और विनोद (21) की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद राहत पाने के लिए उन्होंने घर में रखा तरबूज खाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद दोनों की हालत और खराब हो गई तथा उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गुर्जर ने बताया कि इंद्र सिंह की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कोटा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि विनोद परिहार जिला अस्पताल में उपचाराधीन है और उसे ‘वेंटिलेटर’ पर रखा गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि इंद्र सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पिछले महीने मुंबई में एक परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट में मृतकों के शरीर से लिये गये नमूनों तथा उनके द्वारा खाए गए तरबूज के नमूने में चूहे मारने में इस्तेमाल होने वाला ‘जिंक फॉस्फाइड’ पाए जाने की पुष्टि हुई थी।

भाषा सं दिमो राजकुमार

राजकुमार