मप्र के जबलपुर में हत्या के आरोपी ने की जेल में आत्महत्या

मप्र के जबलपुर में हत्या के आरोपी ने की जेल में आत्महत्या

मप्र के जबलपुर में हत्या के आरोपी ने की जेल में आत्महत्या
Modified Date: April 20, 2026 / 01:18 pm IST
Published Date: April 20, 2026 1:18 pm IST

जबलपुर (मध्यप्रदेश), 20 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में सोमवार सुबह हत्या के एक आरोपी ने जेल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय कारागार में सुबह करीब आठ बजे हुई जहां विचाराधीन कैदी गुड्डू (60) उर्फ राजा विश्वकर्मा ने नाश्ता करने के बाद कथित तौर पर खुदकुशी कर ली।

जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उसने जेल के एक वार्ड के स्नानघर में कथित तौर पर तौलिये से फंदा लगा लिया।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि पारिवारिक कलह के कारण यह कदम उठाया गया है।

अधिकारी ने बताया कि उसने दो दिन पहले अपने रिश्तेदारों से फोन पर बात की थी।

उन्होंने बताया कि कैदी जेल की इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित एक अस्पताल बैरक में था और नाश्ते के लिए वह भूतल पर गया तथा लौटने के बाद उसने कथित तौर पर यह कदम उठाया।

तोमर ने बताया कि सूचना मिलने पर चिकित्सक मौके पर पहुंचे, लेकिन कैदी की पहले ही मौत हो चुकी थी।

स्थानीय निवासी विश्वकर्मा मधुमेह और गुर्दे से संबंधित बीमारी से ग्रस्त था और दो साल से जेल में बंद था

अधिकारी ने बताया कि 16 अगस्त 2024 को विश्वकर्मा के खिलाफ जेल वारंट जारी किया गया था। अधिकारी ने बताया कि उस पर हत्या का आरोप है और उसके खिलाफ मुकदमा जारी है।

उन्होंने बताया कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है और विश्वकर्मा के परिवार को सूचित कर दिया गया है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी

खारी


लेखक के बारे में