प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को ग्वालियर आएंगे
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को ग्वालियर आएंगे
भोपाल, एक अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को मध्यप्रदेश के ग्वालियर के दौरे पर पहुंचेंगे और विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश इकाई के एक शीर्ष पदाधिकारी ने रविवार को दी।
दो महीने से भी कम समय में प्रधानमंत्री का यह मध्यप्रदेश का चौथा और पिछले सात महीनों में आठवां दौरा होगा।
भाजपा शासित मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर उनके इस दौरे को अहम माना जा रहा है।
मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पीटीआई-भाषा को जबलपुर से फोन पर बताया, ‘‘मोदी जी दो अक्टूबर को ग्वालियर के प्रवास पर रहेंगे। उनके शाम करीब चार बजे आने और शाम साढ़े छह बजे से पहले ग्वालियर से रवाना होने की उम्मीद है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्वालियर दौरे के दौरान प्रदेश के 19,000 करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास, भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
वहीं, भाजपा द्वारा जारी एक बयान में शर्मा ने कहा कि ग्वालियर में प्रधानमंत्री मोदी दो अक्टूबर को प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण अंतर्गत गृह प्रवेशम कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी अंतर्गत 1,355 आवासों व अन्य इकाइयों का लोकार्पण कार्यक्रम, जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्वालियर और श्योपुर जिले की 3 जल प्रदाय परियोजनाओं का भूमिपूजन, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की 6 परियोजनाओं (कुल लंबाई 145 किलोमीटर) का भूमिपूजन करेंगे।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के साथ ही ये दोनों नेता मध्यप्रदेश के 9 शहर विदिशा, बैतूल, कटनी, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, दमोह, आगर-मालवा शाहजहांपुर और ग्वालियर में 50 बिस्तरों की संख्या वाले क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश राज्य के दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेस-वे, मालनपुर ग्वालियर में इंडियन ऑयल कारपोरेशन प्लांट, रतलाम टर्मिनल, उज्जैन शहर में एकीकृत औद्योगिक टाउनशिप विक्रम उद्योग पुरी, ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, आईटीआई इंदौर में शैक्षणिक भवन के निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
भाषा रावत रावत रंजन
रंजन

Facebook


