राष्ट्रपति मुर्मू ने जबलपुर में योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया, योग भी किया

राष्ट्रपति मुर्मू ने जबलपुर में योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया, योग भी किया

राष्ट्रपति मुर्मू ने जबलपुर में योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया, योग भी किया
Modified Date: June 21, 2026 / 09:50 am IST
Published Date: June 21, 2026 9:50 am IST

जबलपुर (मध्यप्रदेश), 21 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रदेश के जबलपुर में आयोजित मुख्य समारोह का नेतृत्व किया और योग किया।

जबलपुर के गैरीसन मैदान में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक शामिल हुए।

राज्य के अन्य शहरों में भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समारोह आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।

जबलपुर में सफेद परिधान (सलवार-कमीज) में राष्ट्रपति मुर्मू नीले रंग की एक चटाई पर अलग-अलग योग मुद्राएं करती नजर आईं। उनके बाईं ओर मौजूद मुख्यमंत्री यादव और दाईं ओर मौजूद राज्यपाल पटेल ने भी इस दौरान योगाभ्यास किए।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, ‘‘योग न सिर्फ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि वैश्विक कल्याण, शांति और समरसता को भी बढ़ावा देता है।’’

उन्होंने कहा, ‘हमारे लिए यह सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के साथ ही हम 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी मना रहे हैं।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने सदैव अपने ज्ञान, संस्कृति और विवेक के माध्यम से विश्व को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाकर विश्व समुदाय को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन परंपराओं और जीवन-दर्शन से परिचित कराया है। साथ ही, मानवता को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का वैश्विक संदेश भी दिया है।’

राजधानी भोपाल में टीटी नगर स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किए जबकि इंदौर में भी हजारों प्रतिभागियों ने लगातार तीन मिनट से अधिक समय तक ‘भ्रामरी प्राणायाम’ किया।

आयोजकों ने कहा कि यह उपलब्धि योग के बारे में बढ़ती जागरूकता और कल्याण गतिविधियों में सामूहिक भागीदारी को दर्शाती है।

इस अवसर पर ग्वालियर में सामूहिक योग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।

इसमें सैकड़ों नागरिकों ने योग और प्राणायाम सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

उज्जैन के दशहरा मैदान में लोगों ने योग समारोह में हिस्सा लिया और योगाभ्यास भी किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र शामिल हुए।

भाषा ब्रजेन्द्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में