मुरैना, सात मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के एक आरक्षक ने कथित तौर पर मामूली विवाद के बाद देशी कट्टे से अपने चाचा को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि घायल व्यक्ति को शुक्रवार को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी रवि गुर्जर एसएएफ की पांचवीं बटालियन में आरक्षक है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह सुमावली क्षेत्र में आरोपी का अपने चाचा राजू गुर्जर से विवाद हो गया, जिसके बाद उसने देशी कट्टे से गोली चला दी।
अधिकारियों के अनुसार, गोली राजू गुर्जर की जांघ में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल को मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पिता और चाचा के बीच हाल ही में पारिवारिक विवाद हुआ था।
सुमावली थाने के एक अधिकारी ने कहा कि घायल व्यक्ति का बयान ग्वालियर के अस्पताल में दर्ज किया जा रहा है।
अधिकारी ने कहा, “बयान दर्ज होने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही एसएएफ बटालियन को भी सूचना दी जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
भाषा सं दिमो
नेत्रपाल
नेत्रपाल